तिली चौराहा पर 8 करोड़ से बन रहा ऑडिटोरियम, 400 लोगों के बैठने की क्षमता

सागर। शहर में दो आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन के विशेष प्रयासों से मुख्यमंत्री की विशेष निधि अंतर्गत लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से इन अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें से एक प्रमुख ऑडिटोरियम तिली चौराहा क्षेत्र में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है।

निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने बताया कि तिली चौराहा स्थित यह ऑडिटोरियम आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिसमें लगभग 400 लोगों के बैठने की क्षमता रहेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में निर्माण कार्य का लगभग 25 प्रतिशत हिस्सा पूर्ण हो चुका है तथा संबंधितअधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य को गुणवत्ता के साथ इस वर्ष के अंत तक पूर्ण किया जाए।

विधायक जैन ने कहा कि सागर में तैयार हो रहे ये ऑडिटोरियम केवल भवन नहीं होंगे, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान का नया केंद्र बनेंगे। इनका डिजाइन पारंपरिक शासकीय भवनों से अलग आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप में तैयार किया जा रहा है, जिससे यह किसी भव्य होटल या मैरिज गार्डन जैसी अनुभूति देंगे।

उन्होंने बताया कि ऑडिटोरियम में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग ग्रीन रूम, वीआईपी लाउंज, आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक, प्रतीक्षालय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक आयोजन, सेमिनार, शासकीय कार्यक्रम एवं अन्य बड़े आयोजन आसानी से किए जा सकेंगे।

विधायक ने कहा कि इस प्रकार की आधुनिक अधोसंरचना विकसित होने से सागर शहर को नई पहचान मिलेगी तथा नागरिकों को बड़े आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी के ठेकेदार समर जैन, आशीष दुबे, सिविल इंजीनियर गोविंद प्रजापति एवं उनकी टीम के सदस्य मौजूद थे।

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें