मुठभेड़ में पकड़ा गया शराब कांड का मुख्य आरोपी मनीष लोधी और आशीष साहू
सागर। बंडा जहरीली शराबकांड का मुख्य फरार मुख्य आरोपी मनीष लोधी और आशीष साहू को पुलिस ने बुधवार तड़के 3:00 शॉर्ट एनकाउंटर कर दबोच लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30-30 हजार रुपए का इनाम था।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मनीष और उसका साथी आशीष मालथौन क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी के आसपास देखा गया है। पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान मनीष और आशीष ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की तरफ से जवाबी फायरिंग में मनीष के पैर में गोली लगी। वह बिलखता रहा और मुंह से निकला हे!भगवान…। आरोपियों के कब्जे से 2 देशी कट्टे, 5 राउंड कारतूस, एक बेसबॉल और डंडा बरामद किया आरोपियों को इलाज के लिएअस्पताल भेजा गया। सागर आईजी इरशाद वली, डीआईजी शशींद चौहान, एसपी अनुराग सुजानिया ने एएसपी बीना जयवीर सिंह भदौरिया और एएसपी सागर नरेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया था। अलग-अलग राज्यों में आरोपियों की तलाश चल रही थी। मामले में पुलिस अब तक 52 लोगों को आरोपी बना चुकी है। इनमें से 39 गिरफ्तार हो चुके हैं।












