सागर। परमवीर चक्र प्राप्त रिटा. सूबेदार मेजर संजय कुमार और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ीं कर्नल सोफिया कुरैशी सागर ऑनर रन में शामिल होने 13 दिसंबर को सागर आएंगी। कलेक्टर प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सागर ऑनर रन की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में कर्नल अमित कुमार झा ने बताया कि सागर ऑनर रन 13 दिसंबर 2026 दिन रविवार को प्रात: 6 बजे से आयोजित की जाएगी। पंजीयन शुरू हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि दौड़ खेल परिसर से शुरू होगी एवं समापन भी खेल परिसर में ही होगा। दौड़ खेल परिसर से लाखा बंजारा झील के बाजू से होकर दीनदयाल उपाध्याय चौक, बुन्देलखंड मेडीकल कॉलेज, होटल रॉयल पैलेस, आईएसबीटी एवं बरगद अस्पताल तक जाएगी एवं उसी रास्ते से वापिस लौटेगी। यह रन 5 किमी, 10 किमी एवं 21 किमी तीन श्रेणियों के लिए आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों को टी-शर्ट, मेडल, प्रशंसा पत्र एवं बंडाना प्रदान किया जाएगा। सागर ऑनर रन में प्रतिभागी चार श्रेणी में सहभागिता कर सकते हैं। 30 वर्ष या उससे कम, 31 से 40 वर्ष, 41 से 50 वर्ष एवं 51 वर्ष या उससे अधिक। सागर ऑनर रन में परम वीर चक्र प्राप्त रिटा. सूबेदार मेजर संजय कुमार एवं ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी कर्नल सोफिया कुरैशी (भारतीय सेना) शामिल होंगी। बैठक में सेना अधिकारी मेजर प्रमोद, लेफ्टिनेंट संदीप, जिला पंचायत सीईओ एवं नोडल अधिकारी सागर ऑनर रन जगदीश कुमार गोमे, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेश द्विवेदी, सीएसपी ललित कश्यप, संयुक्त कलेक्टर आरती यादव, एसडीएम रोहित वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला खेल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













