सागर। नए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा की और अपनी प्लानिंग बताई। उन्होंने संकेत दिए कि थाना प्रभारियों की कार्यशैली और उनके अब तक के काम के आधार पर ही आकलन होगा। मेरी पहली प्राथमिकता थानों में आने वाले हर फरियादी की सुनवाई कर उनकी हर संभव मदद और न्याय दिलाना होगी। कोई भी पीड़ित एक से दूसरे थानों में भटके न, परेशान होकर उसे मेरे पास तक न आना पड़े ऐसी कोशिश रहेगी। यही थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए।
एसपी सुजानिया ने अपराधों पर लगाम लगाने के लिए थाना स्तर पर प्लानिंग की है। सागर के कटरबाजों पर शिकंजा कसा जाएगा। बड़ी चोरियों के खुलासे के लिए तकनीकी स्तर पर जांच होगी। मादक पदार्थ,अवैध शराब बेचने वालों और हाईवे के ढाबों रेस्टोरेंट और शराब दुकानों की बाहर शराबखोरी करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई होगी। महिला संबंधी अपराधों में प्राथमिकता से जांच और रोकथाम के लिए कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान एडिशनल एसपी डॉ. संजीव उईके, एडिशनल एसपी सिटी लोकेश सिन्हा, सीएसपी ललित कश्यप भी मौजूद थे।












