सागर। साहू समाज युवा मंडल द्वारा रंग पंचमी पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे, एकता एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया। आयोजन में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण और रंगारंग बना रहा।
भाजपा के नव-नियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान-कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के नव-नियुक्त जिला पदाधिकारी जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया एवं जिला मंत्री सविता जिनेश साहू का साहू समाज युवा मंडल के सदस्यों द्वारा पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। समारोह में मोहननगर वार्ड निवासी शिवम साहू (भूरे) का भी सम्मान किया गया। शिवम साहू ने हाल ही में अपने वार्ड में एक व्यक्ति की जान बचाकर साहस और मानवता का परिचय दिया था। उनके इस सराहनीय कार्य की कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने सराहना की और उन्हें समाज के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।
मां कर्मा देवी जयंती महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा-साहू समाज जिला प्रवक्ता शिवम साहू ने बताया कि साहू समाज युवा मंडल द्वारा आगामी मां कर्मा देवी जयंती महोत्सव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर निशुल्क आदर्श विवाह सम्मेलन की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अंतिम तैयारियों की जानकारी साझा की गई।













