सागर। सानौधा में समुदाय विशेष के युवक द्वारा लड़की को जबरदस्ती अपने साथ ले जाने से हुए बवाल के बाद पूरे इलाके में रविवार को भी पुलिस बल तैनात रहा। अब पूरी तरह से स्थिति नियंत्रण में है। शनिवार देर रात ग्वालियर में पकड़े जाने की बाद युवक -युवती को सागर लाया गया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर लड़की का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह अपनी मर्जी से अनस के साथ जाने की बात कह रही है और भी कई बातें उसने कहीं है। यह वीडियो कब, किसने और किन परिस्थितियों में बनाया राजदार न्यूज़ इसकी पुष्टि नहीं करता। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार लड़की जब नाबालिग थी तब उसके साथ जबरदस्ती की गई थी। पुलिस लड़की से पूछताछ कर रही है। रविवार को लड़की की शादी होने वाली थी। परिजन ने खरीदी के साथ पूरी तैयारी कर ली थी। शादी के 2 दिन पहले आरोपी अनस उसे अपने साथ भागकर ले गया।
1 नामजद और 100 से ज्यादा अज्ञात लोगों पर केस
शनिवार को हुई आगजनी,पथराव और तोड़फोड़ के मामले में सानौधा पुलिस ने एक नामजद और 100 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। शनिवार को उपद्रवियों ने घर, आसपास की दुकानों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी थी। उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे थे। कलेक्टर संदीप जीआर और पुलिस अधीक्षक विकास साहवाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली थी।
विधायक, एसपी और पुलिसकर्मियों सहित 6-7 हुए थे घायल
उपद्रव की सूचना पर सानौधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाइश देकर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन भीड़ उग्र हो गई। स्थिति बिगड़ते देख आसपास के थानों का पुलिस बल बुलाया गया। बीच बचाव करने गए नरयावली विधायक प्रदीप लारिया और पत्थरबाजी में पुलिस अधीक्षक शाहवाल को भी चोट आई थी।













