April 18, 2026 10:30 am

एआई के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व कर रहा भारत-मुख्यमंत्री डॉ. यादव

– जेरई स्थित ज्ञानवीर विश्वविद्यालय के उद्घाटन समाराेह में आए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा- माता-पिता के नाम पर शिक्षा का मंदिर बनाना हमारी संस्कृति की पहचान

सागर। सागर के जेरई स्थित ज्ञानवीर विश्वविद्यालय के उद्घाटन समाराेह में अाए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाराजा छत्रसाल और चंदेल राजाओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि बुंदेलखंड महावीरों की धरती है। कठिन चुनौतियों के बीच भी इस धरा ने अपनी पहचान बनाई है। शिक्षा का मंदिर बनाकर पीढ़ियों तक योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और उनके सुपुत्रों द्वारा अपने माता-पिता की स्मृति में स्थापित शैक्षणिक संस्थान की सराहना करते हुए कहा माता-पिता का आशीर्वाद ही विकास की असली पूंजी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट ने सिद्ध कर दिया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में भारत आज दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। डॉ. हरीसिंह गौर के त्याग और सागर विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने यहां रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय की स्थापना कर शिक्षा के नए द्वार खोले हैं। बुंदेलखंड के आर्थिक और ढांचागत विकास पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बुन्देलखंड कैबिनेट के माध्यम से 27 हजार करोड़ रुपये के कार्यों की मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा हमारे बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आप खूब पढ़ें, भविष्य के सपने बुनें और अपनी सफलता से देश को आगे बढ़ाने में योगदान दें।  आकाश सिंह राजपूत द्वारा आयोजित 6 माह लंबी क्रिकेट प्रतियोगिता (10,000 खिलाड़ी) को उन्होंने अद्भुत बताया। उन्होंने राहतगढ़ और जैसीनगर में भव्य और आधुनिक पुस्तकालय (ग्रंथालय) खोले जाने को घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे शीघ्र ही देवरी और नरयावली पहुंचकर नए विकास कार्यों को गति देंगे।

सागर के विकास में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का योगदान अविस्मरणीयः मंत्री राजपूत

-खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने आज का दिन सागर के लिए ऐतिहासिक बताते हुए विकास के कई महत्वपूर्ण पड़ावों को रेखांकित किया। उन्होंने याद दिलाया कि ज्ञानवीर विश्वविद्यालय की फाइल पर डॉ. मोहन यादव ने तभी हस्ताक्षर कर इसकी शुरुआत कराई थी, जब वे प्रदेश के शिक्षा मंत्री थे। सागर अब उन चुनिंदा शहरों में शामिल है जहां केंद्रीय विश्वविद्यालय के साथ-साथ राजकीय विश्वविद्यालय (स्टेट यूनिवर्सिटी) और मेडिकल कॉलेज की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। मंत्री राजपूत की मांग पर मुख्यमंत्री ने राहतगढ़ एवं जैसीनगर में आधुनिक पुस्तकालय (लाईब्रेरी) खोलने की घोषणा की। कार्यक्रम के प्रारंभ में ज्ञानवीर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति आदित्य सिंह राजपूत ने स्वागत भाषण देते हुए विश्वविद्यालय के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री  गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह, सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया आदि मौजूद थे।

 

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें