सागर। 12 वीं की छात्रा पर कटर से हमले में फरार युवक नीलेश का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग के चलते कटरबाजी और फिर आत्महत्या का घटनाक्रम सामने आया है। कटर से हमले में चेहरा, पीठ, कंधे पर 70 से ज्यादा टांके आने के बाद छात्रा का बीएमसी में इलाज चल रहा है।
मकरोनिया थाना क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा शनिवार की दोपहर करीब 2:00 बजे आखिरी पेपर देकर अपने घर वापस लौट रही थी। रास्ते में उसे नीलेश मिला। दोनों के बीच विवाद होने लगा। इसी आरोपी ने रेडियम कटर से छात्रा पर हमला कर दिया। एक के बाद एक कई वार किए। जिससे छात्रा लहूलुहान हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर पर बाइक रखकर गायब हो गया था। उसका मोबाइल बंद आ रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान आरोपी नीलेश के रूप में की गई।













