पॉलिटिकल रिपोर्टर,राजदार सागर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने अपने पहले सागर दौरे में दो से तीन गुटों में बंटे भाजपाइयों को एक रहने का मंत्र दिया है। बुधवार को सामने आई तस्वीरों में यह स्पष्ट दिख रहा है। कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के यहां डिनर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह का उनके निवास पर पहुंचना और फिर इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष के साथ गोविंद सिंह राजपूत का पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह के यहां जाना यह संकेत है कि अब दोनों के बीच सुलह हो गई है और आगे रिश्ते पहले जैसे हो सकते हैं। आज का परिदृश्य देखते हुए दो पाटों में पिस रहे भाजपा नेताओं ने राहत भरी सांस ली है। दूसरी तरफ राजनैतिक गलियारों में इसे एक मजबूरी भी कहा जा रहा है। सड़क और डिवाइडरों पर लगे फ्लेक्स, पोस्टर, बैनर और अखबारी विज्ञापन देखकर तो यही लग रहा है। हालांकि आगे चलकर स्थिति और साफ हो जाएगी। पार्टी के सामने 2027 में होने जा रहे नगरीय निकाय चुनाव बड़ा मिशन है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के समक्ष पूरे 7 भाजपा विधायकों की मौजूदगी से ज्यादा बीना विधायक निर्मला सप्रे की गैर मौजूदगी चर्चा में रही। मोतीनगर चौराहे से स्वागत रैली के रूप में प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल भाजपा कार्यालय पहुंचे। इस पूरे रूट पर जगह-जगह बुंदेली पंरपरा और पुष्पवर्षा कर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उनके साथ जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, सांसद लता वानखेड़े, कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया मौजूद थे।
खंडेलवाल बोले-पार्टी में कहीं कोई गुटबाजी नहीं
खंडेलवाल ने सागर शहर और ग्रामीण जिले की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। उन्होंने सांसद, जिला अध्यक्ष और विधायकों से बंद कमरे में चर्चा की। खंडेलवाल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि वे प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद सागर पहली बार आए हैं। पार्टी की गुटबाजी के सवाल पर बोले कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। इस दौरान भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष रानी कुशवाहा, देवरी विधायक बृजबिहारी पटेरिया के अलावा भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।













