मुख्यमंत्री ने नरयावली सहित सागर संभाग में निर्मित और निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय (सीएम राइज) की खुलकर तारीफ की
-लगभग 63.41 करोड़ लागत के विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन किया
सागर। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नारी शक्ति केवल शब्द नहीं,बल्कि समाज की आधारशिला है। जब एक महिला सशक्त होती है तो न केवल परिवार, बल्कि संपूर्ण समाज प्रगति की ओर बढ़ता है। महिलाओं के विकास से ही परिवार, समाज ओर राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। महिलाओं के सशक्तिकरण में शिक्षा की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि सांदीपनी विद्यालय प्रदेश में शिक्षा के आदर्श और सशक्त केंद्र बनकर उभर रहे हैं। इनसे शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और प्रदेशवासियों को अपने बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा के लिए महंगे प्राइवेट विद्यालयों में नहीं जाना पड़ेगा। सरकारी स्कूल प्रायवेट स्कूलों को पीछे छोड़ेंगे। राज्य सरकार सभी विद्यार्थियों की बेहतर शिक्षा के लिए सभी सुविधाएं दे रही है। इस बार के बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में सरकारी स्कूलों ने प्राईवेट स्कूलों को पीछे छोड़ कर अच्छा प्रदर्षन किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवारको सागर के नरयावली में सांदीपनि विद्यालय के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सांदीपनि विद्यालय नरयावली का लोकार्पण करते हुए लगभग 63.41 करोड़ से अधिक के अलग-अलग निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया एवं हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा 2026 की प्रावीण्य सूची में स्थान हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र भेंटकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय मात्र एक सीमेंट- कांक्रीट का भवन नहीं है, यह 5 हजार साल पुरानी भगवान कृष्ण और सुदामा की मित्रता का स्मृति स्थल है। भगवान कृष्ण ने अपने जीवन में कदम कदम पर संघर्ष किया और गरीब और अमीर की मित्रता का उदाहरण हम सभी के समक्ष गढ़ा है। समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का उत्थान और उससे मित्रता, गरीब कल्याण और अत्योदय का भाव सरकार को भगवान कृष्ण से मिलता है।
इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद लता वानखेड़े, विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, विधायक एवं पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, बीना विधायक निर्मला सप्रे, महापौर संगीता सुशील तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, जिला अध्यक्ष रानी कुशवाहा,नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार, पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे, नारायण प्रसाद कबीरपंथी, प्रभुदयाल कुशवाहा, कमिश्नर सागर संभाग अनिल सुचारी, पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश शुक्ला, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।












