सागर। जंगलराज का नाम ताे बहुत सुना है, लेकिन अाज देख भी लिया। वन विभाग में घूसखाेरी का ताजा मामला सामने अाया है। जिले के बंडा वन परिक्षेत्र में सोमवार को सागर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने बंडा रेंजर विकास सेठ और कार्यालय के बाबू जयप्रकाश तिवारी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार खेत की लकड़ी बेचने के लिए आवश्यक ट्रांजिट परमिट (टीपी) और सत्यापन के बदले एक लाख रुपए की मांग की गई थी। मकरोनिया निवासी विजय सिंह राजपूत ने इस संबंध में लोकायुक्त एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्हाेंने बताया था कि उनके निजी खेत में लगे पेड़ों की कटाई, लकड़ी के परिवहन और डिपो में बेचने के लिए टीपी जारी करने के एवज में उन्हाेंने मजबूरी में रेंजर और बाबू 1 लाख रुपए की डील की थी, जिसमें से 40 हजार रुपए पहले ले लिए थे। लाेकायुक्त निरीक्षक रंजीत सिंह ने बताया कि पूर्व में रिश्वत संबंधी बातचीत की वाॅयस रिकाॅर्डिंग के बाद ट्रेप कार्रवाई की गई। रेंजर के कहने पर रिश्वत की रकम बाबू ने अपनी टेबिल पर रखवाई थी।












