सागर। प्रसिद्ध सिद्धक्षेत्र बूढ़ी रानगिर में हुए ब्लूटूथ स्पीकर ब्लास्ट मामले में सुरखी पुलिस ने मास्टर माइंड गोलू पटेल निवासी पाटई थाना रहली को गिरफ्तार किया है। 5 से 6 लोगों से संदेह के आधार पर पूछताछ चल रही थी। पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार 10 महीने पहले उसने समुदाय विशेष की जिस युवती से शादी की थी। वह उसे कुछ महीने पहले छोड़कर ससुराल चली गई थी। इसके बाद आरोपी के साले और ससुराल वाले उसे वापस नहीं भेज रहे थे। जिससे आरोपी ने समुदाय विशेष के लोगों को धार्मिक स्थल के आसपास विस्फोट में फंसाने की खूनी साजिश रची थी। साजिश के तहत आरोपी द्वारा प्रसादी की दुकान में रखे गए ब्लूटूथ स्पीकर को मोबाइल से कनेक्ट करते ही भीषण धमाके में 11 साल की बच्ची और उसके नाना-नानी जख्मी हो गए थे। घायल संजना का भोपाल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर है। आरोपी ने पुजारी को अपने मोबाइल से मैसेज किया था। जिसमें सिंगरौली के एक गांव के निवासी ससुराल पक्ष के लोगों के नाम लिखे थे। इसी आधार पर आरोपी की पहचान हुई। पुजारी ने यह मैसेज विस्फोट के होने के बाद रात में देखा। इसके बाद उन्होंने रहली थाना प्रभारी को मैसेज फॉरवर्ड कर दिया था,लेकिन उन्होंने घटनास्थल सुरखी थाना क्षेत्र होने के कारण ध्यान नहीं दिया। एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा, सुरखी थाना प्रभारी ट्रेनी आईपीएस दीपांशु व गढ़ाकोटा थाना प्रभारी शिवम दुबे ने बीडीएस, एफएसएल, साइबर एक्सपर्ट की मदद से तहकीकात की और वारदात के मास्टरमाइंड को 48 घंटे के अंदर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने पूरी साजिश बयां कर दी। आरोपी ने मैसेज में रानगिर सरपंच पति अनिरुद्ध का नाम किसी रंजिश के कारण लिखा था। इस संबंध में पूछताछ चल रही है।













